पुलिस मुख्यालय पर मंदसौर के सामाजिक कार्यकर्ता डॉ घनश्याम बटवाल को “पुलिस मित्र” सम्मान प्रदान किया
जन सहयोग और जागरूकता से पुलिस नशा मुक्ति और साइबर अपराधों पर अच्छा नियंत्रण कर सकती है – डीजीपी श्री कैलाश मकवाणा
🔶 खैर खबर विशेष
मंदसौर । मध्यप्रदेश पुलिस का पहला लक्ष्य देश भक्ति के साथ जन सेवा का है इसके लिए समर्पित होकर समय समय पर नागरिकों के हितों को ध्यान में रखते हुए जन जागरूकता अभियान चलाये और समाज के साथ हर वर्ग के सहयोग से सफ़ल रहे हैं यह उद्गार व्यक्त करते हुए मध्यप्रदेश पुलिस महानिदेशक श्री कैलाश मकवाणा ने बताया कि नशा मुक्ति अभियान और सेफ क्लिक साइबर सुरक्षा अभियान चलाए गए और पुलिस बल के साथ सामाजिक कार्यकर्ता एवं नागरिकों के सहयोग से सफ़ल रहे जनहित के इन जागरूकता अभियान को अंतर्राष्ट्रीय स्तर तक सराहना मिली है ।
डीजीपी श्री मकवाणा ने पुलिस मुख्यालय भोपाल में एक संक्षिप्त और गरिमा मय कार्यक्रम में पुलिस बल के जागरूकता अभियान में समर्पित और सक्रिय सहभागिता करने पर मंदसौर के सामाजिक कार्यकर्ता, जन परिषद संस्था के प्रांतीय सह सचिव, अष्टमूर्ति ग्रुप के सदस्य एवं वरिष्ठ पत्रकार डॉ घनश्याम बटवाल को "पुलिस मित्र" सम्मान प्रदान किया ।
डीजीपी श्री मकवाणा ने डॉ घनश्याम बटवाल को प्रशस्ति पत्र एवं मध्यप्रदेश पुलिस स्मृति चिन्ह भेंट किया और कहा कि डॉ बटवाल ने विगत वर्षों में पुलिस बल को प्रोत्साहित किया और सहयोग किया है । सामुदायिक पुलिसिंग के साथ सामाजिक उत्तर दायित्व निर्वहन भी किया है। सामाजिक संगठनों के साथ मिलकर कार्य किया और प्रिंट मीडिया इलेक्ट्रॉनिक मीडिया सोशल मीडिया के माध्यम से भी बहुत सहयोग किया।
श्री मकवाणा ने कहा कि सायबर अपराधों पर जागरूकता से बहुत हद तक नियंत्रण पाया जा सकता है। सुरक्षित क्लिक से सुरक्षित जीवन यह ध्येय वाक्य लेकर पुलिस टीम ने हर वर्ग हर क्षेत्र में काम किया है।
डीजीपी श्री मकवाणा ने डॉ घनश्याम बटवाल को बधाई दी ओर कहा कि आपके और अन्य सामाजिक कार्यकर्ता, मिडिया के सहयोग से ही पुलिस का अभियान सफ़ल रहा और हमेशा नागरिक जिम्मेदारी निभाते हुए सहयोगी भूमिका रहे ताकि अन्य सामाजिक संगठनों को प्रोत्साहन मिलेगा प्रेरणा प्राप्त होगी।
इस अवसर पर डॉ घनश्याम बटवाल ने डीजीपी श्री मकवाणा को जागरूकता अभियान में भोपाल इंदौर रतलाम उज्जैन धार नीमच झाबुआ और मंदसौर के समाचार पत्रों में प्रमुखता से प्रकाशित आलेख एवं समाचारों के संग्रह का संकलित फोल्डर भेंट किया इसकी श्री मकवाणा ने सराहना की ।
सम्मान कार्यक्रम अवसर पर वरिष्ठ पुलिस अधिकारी श्री मलय जैन, राघौगढ़ के समाजसेवी श्री केशव वत्स एवं अन्य वरिष्ठ गणमान्य जनों की उपस्थिति रही ।

