ताजा खबर

बात तो है – प्रसंगवश: मोहन भागवत का लतीफा और लतीफे में मोहन भागवत

∆ वरिष्ठ पत्रकार एवं स्तंभकार प्रकाश भटनागर की वॉल से.

राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ के राष्ट्र के प्रति समर्पण से भरे प्रेरक अतीत से शायद ही कोई असहमत हो। संघ के सौ साल के लंबे सफर में उसके हजारों स्वयंसेवकों का निस्वार्थ और समर्पित जीवन निश्चित तौर पर समाज के लिए प्रेरणा का स्त्रोत रहा होगा। हां, अतीत को जबरन खींचकर वर्तमान के समकक्ष खड़ा करने की कोशिश की जाए तो असहजता होना स्वाभाविक है। ठीक वैसे ही, जैसे रबर के किसी खिलौने को मरोड़-मरोड़कर बड़ा तो कर दिया जाए, लेकिन कुछ ही समय बाद वह फिर अपने वास्तविक आकार में लौट आए। फर्क सिर्फ इतना होता है कि इस खींचतान में उसका मूल स्वरूप कहीं अधिक विद्रूप हो जाता है।

इसलिए जब राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ के सरसंघचालक डॉ. मोहन भागवत वर्ष 2026 में यह कहते हैं कि स्वयंसेवकों का निःस्वार्थ और समर्पित जीवन आज भी समाज के लिए प्रेरणा का स्रोत है, तो सहज ही सवाल उठता है कि कहीं उनके शब्दों के चयन में कोई बड़ी चूक तो नहीं हो गई ? क्या वे ‘प्रेरणा का स्रोत था’ कहना चाह रहे थे और अनायास ‘है’ बोल गए?

भागवत पर्याप्त विद्वान और विचारशील व्यक्तित्व हैं। उनके पूर्ववर्ती के.सी. सुदर्शन भी ऐसे ही माने जाते थे। जीवन के उत्तरार्ध में सुदर्शन जी स्मृतिभ्रंश की बीमारी से जूझे थे। मोहन भागवत के उत्तम स्वास्थ्य और दीर्घायु की हृदय से कामना करते हुए भी यह सवाल उठाना अनुचित नहीं होगा कि कहीं वे भी वैचारिक स्मृतिभ्रंश के शिकार तो नहीं हो गए हैं?

क्योंकि आज के दौर में ऐसे स्वयंसेवक तलाशना मुश्किल हो गया है, जिनके निःस्वार्थ समर्पण को समाज के लिए प्रेरणा का जीवंत उदाहरण कहा जा सके। संघ के तमाम स्वयंसेवक आज तमाम ताकतवर पदों पर मौजूद हैं। यह उन्हीं स्वयसेवकों के समर्पण से संभव हुआ होगा जो प्रेरणा के स्त्रोत थे। आज प्रधानमंत्री से लेकर कई राज्यों के मुख्यमंत्री, मंत्री तमाम राजनीतिक पदों पर बैठे सैकड़ों स्वयसेवक, कई पूर्णकालिक, कई प्रचारक रहे स्वयंसेवक सत्ता के महत्वपूर्ण पदों पर हैं। देश में बारह साल और कई राज्यों में एक, दो, तीन दशकों की सत्ता अब अपना भरपूर असर दिखा रही है।

शायद यह समय और आबोहवा के बदलाव का असर है।

संघ की स्थापना के समय से ही यह विचार स्पष्ट था कि संगठन सत्ता के प्रतिष्ठानों से दूर रहकर सामाजिक और वैचारिक क्षेत्र में काम करेगा। लेकिन लोकतांत्रिक व्यवस्था में एक सशक्त राजनीतिक विकल्प की आवश्यकता ने जनसंघ से लेकर भारतीय जनता पार्टी तक के रूप में संघ के प्रभाव को राजनीतिक विस्तार दिया। दिक्कत तब शुरू हुई, जब विचारधारा के लिए जीवन खपा देने वाले पूर्णकालिक प्रचारकों को सत्ता और संगठन के बीच निगरानी तथा नियंत्रण की भूमिका निभाने के नाम पर व्यवस्था का हिस्सा बनाया जाने लगा।

धीरे-धीरे यही चेहरे सत्ता के गलियारों में संघ के प्रतिनिधि कम और सत्ता प्रतिष्ठान के सुविधाभोगी हिस्से अधिक नजर आने लगे हैं। इनमें से अनेक पद की ऊंचाई और उससे मिलने वाले वैभव के मद में चूर हैं।

वह स्वयंसेवक अब अतीत की गर्त में खो चुका है, जो कभी चना-चबैना की पोटली के सहारे, नंगे पांव गांव-गांव भटककर अपने पसीने से संघ की विचारधारा को सींचता था।

अब तो संगठन महामंत्री से लेकर विभिन्न जिम्मेदारियों पर बैठे कुछ संघ पदाधिकारी अपने किसी भाजपाई अनुयायी से बेहद अधिकारपूर्ण और शालीनता के आवरण में लिपटे अंदाज में पूछते हैं, ‘बंधुवर! मेरे अमुक प्रवास के लिए कोई बड़ा वाहन उपलब्ध हो सकता है?’

अनुयायी भी आज की भाजपा का ही प्रतिनिधि है। वह जानता है कि यहां सामने वाले का उल्लू सीधा कर दिया तो अपने लिए भी शुभ-लाभ का कोई रास्ता निकल ही आएगा। उसे यह भी मालूम है कि संघ के ऐसे ही कई चेहरे आज सत्ता के शीर्ष की कुर्सियों तक पहुंच चुके हैं। सत्ता सुंदरी के साथ उनकी निकटता अब किसी वैचारिक दूरी की मोहताज नहीं रह गई है।

वह दौर बीत गया, जब सादगी संघ के समर्पित और जीवनदानी कार्यकर्ताओं की पहचान थी। अब भी बहुत से ऐसे हैं जिनसे अब भी समाज प्रेरणा ले सकता है। पर अब ढुंढ़ने पर मिलेंगे। अब वह दौर है, जिसमें संघ और भाजपा की वैचारिक पूंजी को भुनाकर अपने निजी कल्याण का रास्ता तलाशना पहले से कहीं ज्यादा आसान हो गया है।

थोड़ा विषयांतर जरूरी है। यह समझने के लिए कि कभी राजनीतिक शुचिता और नैतिकता की दुहाई देने वाली भाजपा के कमल के नीचे का कीचड़ आज उसकी एक-एक पंखुड़ी तक कैसे पहुंच गया है।

महानगरों और नगरों को छोड़िए, किसी ठेठ देहाती इलाके में भाजपा के जरा-से दमदार चेहरे को देख लीजिए। पैसे की चमक-दमक से दमकता उसका रुआबदार चेहरा खुद इस बात की चुगली करता है कि पंडित दीनदयाल उपाध्याय के एकात्म मानववाद और अंत्योदय के सिद्धांतों को किस बेरहमी से अतीत के कब्रिस्तान में दफना दिया गया है।

विडंबना यह है कि आज भाजपा का अंत्योदय ऊपर से नीचे की ओर फिसलता दिखाई देता है। जिन सिद्धांतों का उद्देश्य समाज के अंतिम व्यक्ति को ऊपर उठाना था, वे अब सत्ता और संगठन के शीर्ष पर बैठे लोगों के वैभव को सींचने का माध्यम बनते दिख रहे हैं।

जब राष्ट्र और राज्य स्तर पर भाजपा के कार्यालयों के नाम पर पांच सितारा होटलों को मात देने वाली इमारतें खड़ी की जा रही हों, तब छोटे कार्यकर्ता से सादगी और त्याग की अपेक्षा कैसे की जा सकती है? वह भी तो अपने नेतृत्व से ही प्रेरणा लेगा। इन आलीशान कार्यालयों को गौर से देखिए। उनकी नींव में कहीं संघ और भाजपा के मूल सिद्धांतों की समाधि दिखाई देगी। इमारतों की ऊंचाई बढ़ती गई और सिद्धांतों की मौजूदगी लगातार छोटी होती गई। आज स्थिति यह है कि उन सिद्धांतों का नामोनिशान तक ढूंढ़ना मुश्किल हो गया है।

यह वही पार्टी नहीं रह गई, जिसके कार्यकर्ता पसीने से भीगा कुरता निचोड़ते हुए भी निर्लिप्त भाव से संगठन के लिए काम करते थे। अब तो पार्टी अपने कार्यकर्ताओं के साथ-साथ मतदाताओं की भावनाओं को भी निचोड़ने में पीछे नहीं है।

अयोध्या में राम मंदिर के नाम पर जुटाए गए चंदे का प्रसंग इसी बदलाव की एक गंभीर मिसाल है। आस्था के एक पवित्र विषय को जिस तरह राजनीतिक और आर्थिक अभियान का रूप दिया गया, उसमें कई सवाल उठे। चंदा जुटाने के लिए लक्ष्य निर्धारित करने से लेकर धन के प्रबंधन और कथित अनियमितताओं पर उठे सवालों तक, बहुत कुछ ऐसा है जिस पर पारदर्शिता और जवाबदेही अपेक्षित थी। राम मंदिर करोड़ों लोगों की निजी आस्था और सांस्कृतिक चेतना का विषय था। लेकिन जब आस्था के साथ बाजारवाद का घालमेल होता है तो श्रद्धा भी एक लक्ष्य, चंदा भी एक टारगेट और धार्मिक भावना भी राजनीतिक पूंजी में बदल जाती है।

चंदे के प्रबंधन को लेकर उठे विवादों और चोरी के आरोपों पर जिस तरह सवालों को टालने की कोशिश हुई, उसने संदेह और गहरा किया। आखिर आंदोलन की सफलता के बाद उसके राजनीतिक लाभांश का भरपूर उपभोग करने वालों में से कितनों ने चंदा जुटाने और उसके प्रबंधन के बीच जवाबदेही तय करने की जिम्मेदारी ली? श्रद्धा के नाम पर जुटाए गए धन का हिसाब मांगना भी क्या अब किसी की धार्मिक भावना को ठेस पहुंचाने जैसा हो गया है?
दरअसल, संघ और भाजपा के मूल तत्व को आज एक ऐसे कीड़े की तरह बना दिया गया है, जो अपने ही शरीर से बहुमूल्य रेशमी धागा तैयार करता है। रेशम का कीड़ा अपने भीतर से धागा निकालकर ऐसा कोष बनाता है, जिसे बाद में पानी में उबाल दिया जाता है। कीड़ा मर जाता है, लेकिन उसका बनाया धागा बेशकीमती रेशमी वस्त्रों में बदल जाता है।

आज संघ और भाजपा से जुड़े कुछ डेढ़ सयाने लोग भी यही कर रहे हैं। संगठन के समर्पित कार्यकर्ताओं के त्याग, तपस्या और परिश्रम से तैयार हुई वैचारिक पूंजी को अपने निजी वैभव का रेशमी लिबास बनाने में इस्तेमाल कर रहे हैं। कीड़े मरते जा रहे हैं और रेशम के लिबास चमकते जा रहे हैं।

यही वह धागा था, जिसने संघ और भाजपा को दुनिया के बड़े संगठनों में खड़ा किया। इस धागे को तैयार करने वाले कुछ लोग व्यवस्था की गर्मी में झुलसा दिए गए और कुछ ने अपने ही संगठन का बदला हुआ चेहरा देखकर भीतर ही भीतर दम तोड़ दिया। विडंबना यह है कि आज उनकी मेहनत से तैयार हुई विरासत पर उन्हीं लोगों का कब्जा है, जिनके लिए कभी संगठन का त्याग और समर्पण केवल एक आदर्श हुआ करता था।

अब इस पूरे परिदृश्य में एक निजी अनुभव भी साझा करना जरूरी है।
कई बार समझ नहीं आता कि ऐसी स्थितियों पर हंसा जाए या सिर धुन लिया जाए। इस प्रसंग को ही देखिए।
सुंदरलाल पटवा आजीवन संघ के सिद्धांतों और कार्यकर्ताओं के समर्पण की दुहाई देते रहे। छिंदवाड़ा लोकसभा सीट के उपचुनाव में उन्होंने कांग्रेस के कद्दावर नेता कमलनाथ को पराजित किया था। संसद जाने से पहले राज्य विधानसभा में अपने विदाई भाषण के दौरान पटवा जी एक प्रसंग सुनाते हुए भावुक हो गए। उनकी आंखें भर आईं। उन्होंने बताया कि छिंदवाड़ा में उन्हें संघ का बरसों पुराना एक सहयोगी मिला था, जो जेब में चना-चबैना रखकर, नंगे पांव चलते हुए उनके लिए चुनाव प्रचार कर रहा था।

मैं संघ की शाखा से लेकर विद्यार्थी परिषद में अपनी सक्रिय भूमिका के समय से संघ और भाजपा को थोडा बहुत जानता रहा हूं। उस दौर के अनुभवों के कारण पटवा जी की यह बात सुनकर मैं भी भावविभोर हो गया था। कुछ दिन बाद उनसे मिलने पहुंचा तो सहज ही उस चना-चबैना वाले स्वयंसेवक का जिक्र छेड़ दिया। पटवा जी ने धीरे से अपनी जेब में हाथ डाला। उनकी अंजुरी भरपूर काजू से भर गई। वे काजू उदरस्थ करते रहे और फिर जो कहा, उसे सुनकर मेरे मन में एक ही बात आई- वाह! अभिनय हो तो ऐसा! उस क्षण मुझे लगा कि मंच पर त्याग और समर्पण का आख्यान सुनाने वाले लोग निजी जीवन में किस तरह अपने ही आख्यान से बहुत दूर निकल जाते हैं।

आज जब मोहन भागवत स्वयंसेवकों के निःस्वार्थ समर्पण को समाज के लिए प्रेरणा बता रहे हैं, तो अनायास वही पुराना प्रसंग याद आ जाता है। कहीं वे भी अतीत के उस सुनहरे आख्यान को वर्तमान की हकीकत समझने की भूल तो नहीं कर रहे?

और अब अंत में एक लतीफा।

एक बार राजा के दरबार में एक गायक आया। उसने ऐसा गायन प्रस्तुत किया कि राजा हर प्रस्तुति के बाद वाह-वाह करते हुए कहता, ‘इसे मेरा आधा राज्य दे दिया जाए।’ गायक खुशी-खुशी घर लौट गया। लेकिन जब उसे आधा राज्य तो दूर, कौड़ी भर भी कुछ नहीं मिला तो वह फरियाद लेकर राजा के दरबार में पहुंचा।
उसने कहा, ‘महाराज! आपने तो मुझे आधा राज्य देने का वचन दिया था।’
राजा ने जवाब दिया, ‘अबे! उस दिन तू मेरे कानों को खुश कर रहा था तो मैंने भी तेरे कानों को खुश कर दिया। अब यहां से दफा हो जा!’

इस लतीफे में मोहन भागवत, उनका संगठन और उनकी भाजपा कहां-कहां फिट बैठते हैं, यह तय करना पाठकों का काम है।

लेकिन एक सवाल जरूर है। क्या सरसंघचालक का यह ताजा कथन भी उसी लतीफे की एक नई प्रस्तुति नहीं है? जिस संगठन के अतीत के त्याग, तपस्या और समर्पण का बखान आज भी किया जा रहा है, जिसमें कई सारी खूबियां आज भी कायम है लेकिन क्या उसके वर्तमान में उन मूल्यों की कोई जीवंत उपस्थिति बची है?

कहीं ऐसा तो नहीं कि भागवत जी भी अपने स्वयंसेवकों के कानों को वही सुना रहे हैं, जो वे सुनना चाहते हैं, और स्वयंसेवक भी तालियां बजाकर अपने कानों को खुश कर रहे हैं?

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *