धर्म/आध्यात्म

अंतर्मन का दीपोत्सव : श्रवण, मनन और निदिध्यासन से आत्मज्ञान की ओर यात्रा

▪️ अभिषेक बटवाल, मन्दसौर.

• दीपावली केवल घर-आँगन को प्रकाशित करने का पर्व नहीं, बल्कि अज्ञान के अंधकार से ज्ञान के प्रकाश की ओर अग्रसर होने का आध्यात्मिक संदेश भी है।

भारतीय दर्शन परंपरा में वेदान्त का स्थान अत्यंत महत्वपूर्ण है। वेदान्त केवल दार्शनिक चिंतन अथवा शास्त्रों के अध्ययन का विषय नहीं, बल्कि स्वयं को जानने, जीवन के सत्य को समझने और आत्मबोध की दिशा में आगे बढ़ने की एक जीवन-दृष्टि है। इस आत्मबोध की यात्रा में तीन आधारभूत साधन बताए गए हैं—श्रवण, मनन और निदिध्यासन। ये तीनों केवल आध्यात्मिक अभ्यास नहीं, बल्कि ज्ञान को जीवन में उतारने की क्रमिक प्रक्रिया हैं।

  • श्रवण : सत्य को सुनने और समझने का प्रथम सोपान

वेदान्त साधना का प्रारंभ श्रवण से होता है। श्रवण का सामान्य अर्थ सुनना है, किंतु वेदान्त में इसका अर्थ उपनिषदों, महावाक्यों तथा गुरु के माध्यम से आत्मतत्त्व के ज्ञान को श्रद्धापूर्वक सुनना और उसके वास्तविक अभिप्राय को समझना है। केवल शब्दों को सुन लेना श्रवण नहीं है, बल्कि उनके पीछे छिपे सत्य को ग्रहण करने की जिज्ञासा और तत्परता ही वास्तविक श्रवण है।

मनुष्य का जीवन अनेक धारणाओं, पूर्वाग्रहों और बाहरी आकर्षणों से प्रभावित रहता है। ऐसे में गुरु और शास्त्र का श्रवण उसे स्वयं के वास्तविक स्वरूप की ओर उन्मुख करता है। श्रवण ज्ञान के द्वार खोलता है और साधक के भीतर यह प्रश्न जगाता है कि मैं वास्तव में कौन हूँ? क्या मेरा अस्तित्व केवल शरीर और मन तक सीमित है?

  • मनन : सुने हुए ज्ञान का विवेकपूर्ण परीक्षण

श्रवण के पश्चात मनन की आवश्यकता होती है। जो ज्ञान हमने सुना, उसे अपने विवेक और तर्क की कसौटी पर समझना, उससे उत्पन्न शंकाओं का समाधान करना और उसके सत्य को बौद्धिक रूप से स्पष्ट करना ही मनन है।

केवल किसी बात को सुनकर स्वीकार कर लेना पर्याप्त नहीं है। जब तक व्यक्ति उसके अर्थ, आधार और सत्यता को स्वयं नहीं समझता, तब तक वह ज्ञान स्थायी नहीं बन सकता। मनन श्रवण से प्राप्त ज्ञान को दृढ़ करता है। यह व्यक्ति को अंधानुकरण से बचाकर विवेकशील बनाता है।

आज के जीवन में भी मनन की विशेष आवश्यकता है। हम प्रतिदिन अनेक विचारों, सूचनाओं और उपदेशों से गुजरते हैं, किंतु उनमें से कितनी बातें अपने आचरण में उतारते हैं? मनन हमें रुककर सोचने, स्वयं का निरीक्षण करने और अपने विचारों को परिष्कृत करने की प्रेरणा देता है।

  • निदिध्यासन : ज्ञान को जीवन का अनुभव बनाना

श्रवण और मनन के पश्चात निदिध्यासन का चरण आता है। इसका आशय है—आत्मतत्त्व के सत्य में निरंतर चिंतन, ध्यान और दृढ़ आत्मनिष्ठा। जो सत्य शास्त्र और गुरु से सुना तथा विवेक द्वारा समझा, उसी में मन को स्थिर करना निदिध्यासन है।

यह केवल कुछ समय आंखें बंद करके बैठने की प्रक्रिया नहीं, बल्कि जीवन के प्रत्येक प्रसंग में आत्मज्ञान की दृष्टि बनाए रखने का अभ्यास है। जब परिस्थितियां अनुकूल हों अथवा प्रतिकूल, जब प्रशंसा मिले अथवा आलोचना, तब भी व्यक्ति अपने वास्तविक स्वरूप की स्मृति बनाए रखे—यही निदिध्यासन की दिशा है।

इस प्रकार श्रवण ज्ञान का प्रवेश द्वार है, मनन उस ज्ञान की दृढ़ता है और निदिध्यासन उस ज्ञान में स्थित होने की साधना है। इन तीनों का समन्वय ही वेदान्त की साधना को सार्थक बनाता है।

दीपावली भारतीय संस्कृति का ऐसा पर्व है, जिसमें प्रकाश, आनंद, उल्लास और मंगल की अभिव्यक्ति होती है। घरों में दीप जलाए जाते हैं, अंधकार दूर किया जाता है और जीवन में शुभता का स्वागत होता है। किंतु इस पर्व का वास्तविक आध्यात्मिक अर्थ केवल बाहरी प्रकाश तक सीमित नहीं है।

असतो मा सद्गमय।
तमसो मा ज्योतिर्गमय।
मृत्योर्मामृतं गमय॥

अर्थात् हमें असत्य से सत्य की ओर, अंधकार से प्रकाश की ओर और मृत्यु से अमृतत्व की ओर ले चलो।

यदि दीपावली के पर्व को वेदान्त की दृष्टि से देखें तो श्रवण हमें ज्ञान के दीप से परिचित कराता है, मनन उस दीप की लौ को स्थिर करता है और निदिध्यासन उस प्रकाश को हमारे संपूर्ण जीवन में व्याप्त करने की साधना बन जाता है।

हम प्रत्येक वर्ष अपने घरों की सफाई करते हैं, दीप सजाते हैं और अंधकार को दूर करने का प्रयास करते हैं। लेकिन क्या कभी अपने अंतःकरण की सफाई का भी संकल्प लेते हैं? क्या हम अपने भीतर संचित ईर्ष्या, द्वेष, क्रोध, अहंकार और अज्ञान को दूर करने का प्रयास करते हैं? यदि नहीं, तो दीपावली का आध्यात्मिक उद्देश्य अधूरा रह जाता है।

आइए, इस दीपोत्सव पर केवल घरों में ही नहीं, अपने विचारों और अंतःकरण में भी ज्ञान का दीप प्रज्ज्वलित करें। श्रवण से सत्य को जानें, मनन से उसे दृढ़ करें और निदिध्यासन से उस सत्य में स्थित होने का प्रयास करें।

हरी ॐ तत्सत्..

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *