कॉलम

स्टैंडअप पर सख्ती, रामायण पर खामोशी ! आखिर यह दोहरा मापदंड क्यों ?

▪️अभिषेक बटवाल
मन्दसौर (म. प्र.)

• नमित मल्होत्रा द्वारा निर्मित एवं नितेश तिवारी निर्देशित फिल्म रामायण ने भारतीय संस्कृति के सबसे प्रतिष्ठित महाकाव्य को चर्चा के केंद्र में ला दिया है। सवाल फिल्म की भव्यता, तकनीक या अंतरराष्ट्रीय प्रस्तुति का नहीं, बल्कि रामायण के मूल स्वरूप, शास्त्रों में वर्णित तथ्यों और पूजनीय चरित्रों के साथ किए जा रहे कथित मनमाने प्रयोगों का है।

प्रभु श्रीराम मर्यादा, सत्य और आदर्श के प्रतीक हैं। माता सीता त्याग, धैर्य और स्वाभिमान की प्रतिमूर्ति हैं तथा लक्ष्मण सेवा, समर्पण और भ्रातृप्रेम के आदर्श हैं। इनके चरित्रों में ऐसे प्रसंग जोड़ना, जिनका मूल ग्रंथों में आधार नहीं है, नई पीढ़ी के सामने हमारी सांस्कृतिक विरासत की भ्रामक व्याख्या प्रस्तुत करने जैसा है।

इसी प्रकार भगवान विष्णु के छठे अवतार भगवान परशुराम का प्रस्तुतिकरण भी गंभीर चिंता का विषय है। उनका व्यक्तित्व तप, त्याग, शौर्य और धर्मरक्षा का प्रतीक है। श्रीराम और परशुराम के बीच संवाद दो महान अवतारों के धर्म और मर्यादा से जुड़े प्रसंग को दर्शाता है। यदि इस प्रसंग को मूल ग्रंथों की भावना से हटकर इस प्रकार प्रस्तुत किया जाए कि भगवान परशुराम की गरिमा कम होती प्रतीत हो, तो यह आस्थावान समाज के लिए पीड़ादायक है। रचनात्मक स्वतंत्रता के नाम पर किसी आराध्य के सम्मान से समझौता उचित नहीं।

निस्संदेह रावण महान विद्वान, तपस्वी और शिवभक्त था, लेकिन उसकी विद्वत्ता का उल्लेख करते हुए उसके अहंकार, परस्त्री हरण और अधर्म को गौण कर उसका अतिशय महिमामंडन करना नई पीढ़ी को गलत संदेश दे सकता है। रामायण का मूल संदेश है कि ज्ञान और शक्ति भी धर्म एवं विवेक के बिना विनाश का कारण बन जाते हैं।

इस पूरे घटनाक्रम में सरकार और नियामक संस्थाओं की भूमिका पर भी सवाल उठना स्वाभाविक है। स्टैंडअप कॉमेडी के कुछ मिनटों के प्रसंगों पर धार्मिक भावनाएं आहत होने के नाम पर FIR, कार्रवाई और राजनीतिक प्रतिक्रियाएं सामने आती हैं, तो रामायण जैसे करोड़ों लोगों की आस्था से जुड़े महाकाव्य में कथित तथ्यात्मक विचलनों पर वैसी संवेदनशीलता क्यों दिखाई नहीं देती? सेंसर प्रमाणन को किसी कथानक का समर्थन नहीं माना जा सकता, लेकिन चयनात्मक संवेदनशीलता और संस्थागत मौन पर सवाल उठना लाजिमी है।

क्या यह महज संयोग है या कोई नया नैरेटिव गढ़ा जा रहा है ? यह क्रोनोलॉजी कुछ कह रही है और इसका जवाबदेह विमर्श होना चाहिए।

सिनेमा को रचनात्मक स्वतंत्रता अवश्य मिले, लेकिन संस्कृति और आस्था की कीमत पर नहीं। रामायण मनोरंजन की सामग्री मात्र नहीं, हमारी सभ्यता की चेतना और पीढ़ियों के संस्कारों का आधार है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *