संपादकीय

संविधान : अधिकारों का दस्तावेज़ नहीं, हमारी सामूहिक चेतना का आधार

🔸 संविधान दिवस विशेष

• अभिषेक बटवाल, मन्दसौर.

▫️भारत का संविधान केवल शासन व्यवस्था चलाने वाला दस्तावेज़ नहीं, बल्कि एक ऐसे लोकतांत्रिक समाज की परिकल्पना है, जहाँ स्वतंत्रता, समानता, न्याय और बंधुत्व प्रत्येक नागरिक के जीवन का आधार हों। 26 नवंबर का दिन हमें संविधान के निर्माण के गौरवशाली इतिहास के साथ-साथ वर्तमान में उसके वास्तविक मूल्यों के प्रति अपनी जिम्मेदारियों का आत्ममंथन करने का अवसर भी देता है।

आज जब हम संविधान दिवस मना रहे हैं, तब एक प्रश्न विचारणीय है कि क्या हमारा सामाजिक और राजनीतिक व्यवहार संविधान की मूल भावना के अनुरूप है? आज असहिष्णुता का विस्तार इस हद तक दिखाई देता है कि वैचारिक असहमति को शत्रुता समझ लिया जाता है। संवाद की जगह विवाद, तर्क की जगह आरोप और एक-दूसरे को नीचा दिखाने की प्रवृत्ति सामाजिक विमर्श पर हावी होती जा रही है। जाति, धर्म, भाषा और वर्ग के आधार पर भेदभाव तथा सामाजिक विभाजन की मानसिकता उस संवैधानिक आदर्श को चुनौती दे रही है, जिसमें प्रत्येक व्यक्ति को समान गरिमा और अवसर का अधिकार प्राप्त है।

चिंता का विषय यह भी है कि संविधान और संवैधानिक संस्थाओं को कभी-कभी राजनीतिक स्वार्थों की पूर्ति का माध्यम बना दिया जाता है। अपने पक्ष में हो तो संवैधानिक व्यवस्था का गुणगान और प्रतिकूल हो तो उसी पर प्रश्नचिह्न खड़े करना लोकतांत्रिक मर्यादाओं के लिए उचित नहीं है। संविधान किसी दल, विचारधारा या सत्ता का निजी दस्तावेज़ नहीं, बल्कि समूचे राष्ट्र की साझा धरोहर है।

अभिव्यक्ति की स्वतंत्रता के साथ दूसरों के विचारों का सम्मान, अधिकारों के साथ कर्तव्यों का निर्वहन और असहमति के बीच भी परस्पर सम्मान बनाए रखना ही स्वस्थ लोकतंत्र की पहचान है।

संविधान की वास्तविक प्रतिष्ठा केवल उसकी प्रस्तावना पढ़ने, शपथ लेने या उत्सव मनाने में नहीं, बल्कि उसे अपने आचरण में उतारने में है। जब हम व्यक्ति को उसकी जाति, धर्म या राजनीतिक विचार से ऊपर उठकर एक नागरिक के रूप में सम्मान देंगे, तभी संविधान की आत्मा जीवंत होगी।

आइए, इस संविधान दिवस पर संकल्प लें कि संविधान को केवल राजनीतिक बहस का विषय नहीं, बल्कि अपने सामाजिक व्यवहार, सार्वजनिक जीवन और राष्ट्रीय चरित्र का आधार बनाएंगे। क्योंकि संविधान मजबूत होने से ही लोकतंत्र मजबूत नहीं होता, उसे मानने वाले नागरिकों का चरित्र भी मजबूत होना चाहिए।

Image Source – File

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *