Russia Ukraine War Video: हमें चारा बनाया गया, हमने लोगों को मारा…यूक्रेन में पकड़े गए रूसी सैनिकों का सिसकते हुए कबूलनामा!
यूक्रेनी सेना ने कई रूसी सैनिकों के वीडियो जारी किए
यूक्रेनी सेना ने पकड़े गए रूसी सैनिकों को अपने झंडे के सामने बैठाकर वीडियो को रिकॉर्ड किया है। इसमें घायल दिख रहे एक रूसी सैनिक ने कहा कि यह हमारा युद्ध नहीं है। माताओं और पत्नियों, अपने पतियों को इकट्ठा करो। यहां रहने की कोई जरूरत नहीं है। अन्य फुटेज में एक पकड़े गए रूसी कैदी को युद्ध से हुई मौत और विनाश पर रोते हुए दिखाया गया है। इसमें रूसी सैनिक अपनी ही सेना से नाराजगी जाहिर करते हुए कहता है कि वे लाशों को भी नहीं उठाते हैं, कोई अंतिम संस्कार नहीं होता है। इन सैनिकों में से एक ने रूस और यूक्रेन से बच्चों को युद्धक्षेत्र से निकालने का आग्रह किया, जबकि दूसरे ने चेतावनी दी कि कोई भी युद्ध नहीं चाहता।
जेलेंस्की की चेतावनी- यूक्रेन को मिटा रहा रूस
इस बीच यूक्रेन के राष्ट्रपति वोलोडिमिर जेलेंस्की ने आज चेतावनी दी कि रूस, यूक्रेन को मिटाने की कोशिश कर रहा है। उन्होंने बताया कि रूस ने सभी मोर्चों पर हमले किए हैं, इसमें वो शहर भी शामिल है, जहां यूरोप का सबसे बड़ा परमाणु ऊर्जा संयंत्र है। कुछ दिन पहले जेलेंस्की ने रूसी सैनिकों को जान बचाकर भाग जाने की चेतावनी दी थी। उन्होंने अपनी सेना का हौसला बढ़ाने के लिए कई वीडियो भी जारी किए हैं। यूक्रेन के कई राजनेता भी हथियारों के साथ अपनी तस्वीरें पोस्ट कर सेना का समर्थन कर रहे हैं।
फोन पर बात करते हुए रोने लगा रूसी सैनिक
पकड़े गए एक अन्य रूसी सैनिक ने कहा कि किसी ने हम पर हमला नहीं किया। उसने अपने ही देश से सवाल पूछा कि रूस युद्ध से क्या चाहता है, मैं समझ नहीं पा रहा हूं। वीडियो में इस सैनिक ने अपने मां-बाप के प्रति प्यार का भी इजहार किया है। इन वीडियो में एक सैनिक हथकड़ी पहने भी नजर आया, जो फोन पर अपनी किसी महिला रिश्तेदार से बात करते हुए रोने लगा। उन्होंने दावा किया कि रूसी सैनिक युद्ध में मरने वाले अपने साथियों की लाशों को छूते तक नहीं हैं। उन्होंने यह भी बताया कि अगर किसी ने ऐसा किया तो एफएसबी (रूसी संघीय सुरक्षा सेवा) आपको गिरफ्तार कर लेगी।
रूसी सैनिकों का दावा- उन्हें हमले की जानकारी नहीं थी
एक दूसरे सैनिक ने यूक्रनी झंडे के सामने बैठकर कहा कि उसकी यूनिट के सैनिकों को पता नहीं था कि रूस यूक्रेन पर आक्रमण करने वाला है। उसने रूस से संघर्ष खत्म करने का भी निवेदन किया। उसने कहा कि हम शांतिपूर्ण लोगों को मार रहे हैं। ‘यह हमारा युद्ध नहीं है। टेलीग्राम पर पोस्ट किए गए अलग-अलग वीडियो में सैनिकों को यह कहते हुए दिखाया गया है कि जब उन्हें एहसास हुआ कि उन्हें यूक्रेन में लड़ने के लिए भेजा जा रहा है तो वे निराश हो गए। उसने यह भी कहा कि हमें बताया गया है कि अब हम रूस के दुश्मन बन गए हैं। हमें गोली भी मारी जा सकती है।